Kalamuni Top In Munsiyari Uttarakhand
कालामुनि टॉप : सबसे ऊंची जगह से कीजिए पूरी मुनस्यारी व पंचचूली पर्वत के दर्शन ।

Kalamuni Top In Munsiyari Uttarakhand : 9,600 फीट (2,890 Meters) की ऊंचाई पर स्थित यह जगह उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी शहर से लगभग 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। संभवत: यह मुनस्यारी की दूसरी सबसे ऊंची जगह है। ऊँची जगह होने के कारण यहाँ से आप सम्पूर्ण मुनस्यारी के दर्शन आराम से कर सकते हैं। इसीलिए यह पर्यटकों का पसंदीदा जगह है। यह जगह अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ धार्मिक महत्व के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां पर मां काली का एक प्राचीन मंदिर है जो स्थानीय लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र है। इस मंदिर में लोग घंटी बाँध कर माता काली से अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं और ऐसा माना जाता है कि माता काली उनकी मनोकामना अवश्य पूर्ण करती हैं। यहाँ पर कभी – कभार नागा साधु भी ध्यान करते हुए दिख जाते हैं। यहाँ से गुजरने वाले वाहनों (बस , कार , टैक्सी आदि) के ड्राइवर यहाँ रुक कर अपनी सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना करते है। यहां से पंचचूली पर्वत के दर्शन आराम से किए जा सकते हैं। ट्रैकर्स को यह जगह बहुत पसंद है। कुछ लोग तो यहाँ से होकर और आगे निकल जाते हैं और कुछ यही शिविर लगा कर पंचचूली पर्वत व उसके आस -पास के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाते हैं। कहा जाता है कि मौसम का पहला हिमपात यही होता है।
क्या करें ?
मां काली के चरणों में शांत होकर बैठिए तथा प्रार्थना कीजिए। फोटोग्राफी का आनंद लीजिए। मंदिर के आस -पास के शांत – एकांत व सुरम्य वातावरण का आनंद लीजिए। पंचचूली पर्वत व मुनस्यारी की प्राकृतिक खूबसूरती का मजा लीजिए। अगर बर्फवारी के समय आप वहाँ हैं तो आसमान से गिरते हुए बर्फ को देखिये।
ध्यान में रखने योग्य बातें
मंदिर में शांति बनाये रखें तथा वहाँ के नियमों का पालन करें। आप यहाँ मार्च से लेकर जून तक और सितंबर से लेकर दिसंबर तक कभी भी आ सकते हैं। अगर आप यहाँ एक – दो दिन रुकना चाहते हैं तो आने से पहले कोई Hotel Book कर लीजिए। फोटोग्राफी के लिए एक अच्छा सा कैमरा व एक अच्छा क्वालिटी का जूता अपने साथ अवश्य रखें।
अवधि
मंदिर व उसके आस -पास आप अपने हिसाब से समय बिता सकते हैं।